विधायक फुरकान अहमद ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता से मिलकर पुरानी गंगनहर रुड़की-सोलानी नदी के क्षतिग्रस्त पुल को जल्द दुरुस्त कर आवागमन के लिए खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुल बंद होने से राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक फुरकान अहमद ने बताया कि पुरानी गंगनहर पर क्षतिग्रस्त पुल के दोनों ओर सिंचाई विभाग की ओर से बड़े-बड़े ब्लॉक खड़े कर आवागमन रोक दिया गया है। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारी से पुल और उससे जुड़ी सड़क की मरम्मत कराकर जल्द यातायात शुरू कराने को कहा। अधिशासी अभियंता ने पुल और सड़क को दुरुस्त कर जल्द खोलने का आश्वासन दिया। इसके अलावा विधायक ने मेहवड़ के पास खाली पड़ी भूमि को खेल मैदान के रूप में विकसित करने के लिए एनओसी देने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं के लिए खेल मैदान की आवश्यकता है।