I
IIबाल एवं किशोर श्रम विभाग की जिला टास्क फोर्स ने बाल मजदूरी रोकने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान एक होटल पर नाबालिग काम करता मिला। टीम ने होटल मालिक पर केस दर्ज कराया है। शुक्रवार को बाल कल्याण समिति हरिद्वार की अध्यक्ष अंजना सैनी, एसआई राजेश कुमारी और श्रम प्रवर्तन अधिकारी रुड़की अनिल कुमार पुरोहित ने सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस के साथ दिल्ली हाईवे किनारे अभियान चलाया। इस दौरान शिवम भोजनालय, मोहनपुरा में एक नाबालिग बर्तन धोते और सफाई करते मिला। टीम ने होटल मालिक से नाबालिग से काम कराने की बाबत जानकारी ली लेकिन वह कुछ नहीं बता पाया। इस पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने होटल मालिक के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र पंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर होटल स्वामी धीर सिंह निवासी मोहनपुरा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही बच्चे को उसकी रिश्तेदार के सुपुर्द कर दिया गया है। I