लक्सर/सुल्तानपुर। कोतवाली पुलिस ने अवैध खनन भंडारण में जिला पंचायत सदस्य के भाई को गिरफ्तार किया है। चार दिन पहले एंटी माइनिंग के निरीक्षक संजय उप्रेती ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
चार दिन पहले एंटी माइनिंग टीम ने क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की थी। कई वाहन सीज करने के बाद टीम ने पांच खनन भंडारण मालिकों के खिलाफ भारी अनियमितताएं पाए जाने के मुकदमा दर्ज कराया था। इन पांच लोगों में साधुराम निवासी टांडा महतौली, यशपाल हर्सीवाला, मनोज टांडा महतौली, सईद सुल्तानपुर व शराफत निवासी बाडीटीप के नाम शामिल थे। मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
मंगलवार देर रात लक्सर पुलिस को अवैध खनन करने के आरोपी व जिला पंचायत सदस्य के भाई सईद पुत्र असगर की गांव के पास होने की सूचना मिली। उसके बाद कोतवाली पुलिस ने देर रात सईद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपनिरीक्षक जहांगीर अली ने बताया कि सईद को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को कोतवाली पुलिस सईद को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।