प्रबंध समिति का सदस्य गिरफ्तार, भेजा जेल
भगवानपुर बीडी इंटर कॉलेज में धांधली की जांच कर रही थी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
मंगलौर। भगवानपुर के बीडी इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति के चुनाव में हुई धांधली के मामले में पुलिस ने समिति के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। उक्त मामले में करीब चार महीने से पुलिस जांच कर रही थी। पुलिस ने गिरफ्तार सदस्य को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
भगवानपुर बीड़ी इंटर कॉलेज में वर्ष 2012 के प्रबंध समिति के चुनाव में वोटर लिस्ट में कुछ व्यक्तियों द्वारा अनियमितताएं कर फर्जीवाड़ा किया गया था। इसको लेकर कुछ लोगों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने 25 अप्रैल को मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता को प्रबंध समिति के निवर्तमान सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए थे। मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता ने भगवानपुर पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। भगवानपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। बाद में जांच मंगलौर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण को सौंपी थी।
मंगलौर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण करीब चार महीने से उक्त मामले में जांच कर रहे थे। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि जांच में उमेश कुमार त्यागी की संलिप्तता पाई गई है। इसके बाद बृहस्पतिवार को उमेश कुमार त्यागी निवासी चुड़ियाला को गिरफ्तार कर लिया गया। उमेश कुमार त्यागी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।