एक करोड़ की लॉटरी निकलने के लालच में एक कारोबारी ने ढाई लाख की रकम गंवा दी। पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित साईं मंदिर रोड निवासी कारोबारी ने पुलिस को बताया कि करीब 15 दिन पूर्व उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने बताया कि एक कंपनी की ओर से लक्की ड्रॉ निकाला गया था। इसमें उनका मोबाइल नंबर भी शामिल किया गया। लक्की ड्रॉ में उनकी एक करोड़ की लॉटरी निकली है।
लॉटरी की रकम लेने के लिए कुछ कागजी कार्रवाई पूरी करनी होगी। साथ ही टैक्स के रूप में एक लाख रुपये खाते में जमा करने होंगे। उसके झांसे में आकर उन्होंने एक लाख रुपये खाते में जमा करवा दिए। अगले दिन उसी नंबर से कॉल आई। साथ ही डेढ़ लाख रुपये और जमा करने की बात कही। उन्होंने डेढ़ लाख रुपये भी जमा करवा दिए। अब पिछले 15 दिन से वह नंबर बंद आ रहा है। नंबर बंद आने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।