चुड़ियाला क्षेत्र के तेज्जूपुर गांव में चोरों द्वारा काटा गया दुकान का शटर।
- फोटो : ROORKEE
चोरों ने पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर एक दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों का सामान चोरी कर लिया। दुकान स्वामी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। वहीं, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर स्थानीय लोगों ने रोष जताया है।
चुड़ियाला क्षेत्र के तेज्जूपुर गांव में महेश्वरी गांव निवासी अमित की मलिक ट्रेडर्स के नाम से परचून की दुकान है। दुकान से करीब 50 कदम की दूरी पर पुलिस चौकी है। सोमवार रात चोरों ने गैस कटर से दुकान का शटर काटकर बीड़ी, सिगरेट, एलईडी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। चोर सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर भी चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह अमित मलिक दुकान पर पहुंचे तो चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली।
अमित मलिक ने बताया कि चोर एक सप्ताह पूर्व भी सीसीटीवी कैमरों पर कपड़ा बांधकर चोरी का प्रयास कर चुके हैं। सोमवार रात चोरों ने दुकान से लाखों का सामान चोरी कर लिया। वह पूर्व में भी तहरीर दे चुके हैं लेकिन अब तक पुलिस ने कोई खुलासा नहीं किया। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, पुलिस चौकी प्रभारी कर्मचारी सिंह का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया जा रहा है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
दो दुकानों में चोरी का नहीं हुआ खुलासा
परचून की दुकान में चोरी की वारदात का यह पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी चमनलाल प्रजापति के मिष्ठान भंडार समेत दो दुकानों का ताला तोड़कर हजारों की चोरी हो चुकी है। आज तक पुलिस चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। ऐसे में पुलिस सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं और लोगों में रोष है। लोगों ने जल्द ही चोरी का खुलासा करने की मांग की है।