कपड़ा व्यापारी के घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के आभूषण व अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया है। बदरीनाथ से लौटने के बाद पीड़ित को चोरी की घटना का पता लगा। एक युवक पर शक जताते हुए पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुनील कुमार शर्मा निवासी भगवती कालोनी मोहल्ला लालबाड़ा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह बदरीनाथ धाम में कपड़ों का व्यापार करता है। इसी सिलसिले में वह अधिकतर समय बाहर ही रहता है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने उसके कमरे व अलमारी का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण, एलईडी समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। बदरीनाथ से लौटने पर उसे चोरी का पता चला।
कपड़ा व्यापारी ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली और लोगों से पूछताछ की। कपड़ा व्यापारी को पता चला कि उनके मोहल्ले का ही एक युवक उनके घर के आसपास घूमता हुआ देखा गया था। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर शिवम कुमार निवासी भगवती कालोनी, मोहल्ला लालबाड़ा, मंगलौर के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
रिश्तेदारी में आया एक युवक संदिग्ध हालात में लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी युवक का सुराग नहीं लगने पर उसके पिता ने पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई है। राजकुमार निवासी पलूनी भगवानपुर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका पुत्र अनिल कुमार (26) 10 जुलाई को अपनी रिश्तेदारी ग्राम उदलहेड़ी में आया हुआ था। इसी दौरान वह रिश्तेदारी से संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी छानबीन शुरू कर दी है। संवाद