चोरों ने घर की तीसरी मंजिल पर रखे सामान पर किया हाथ साफ
चोरों ने घर की तीसरी मंजिल पर रखे लाखों के आभूषण व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह होने पर सामान तितर-बितर देख परिवार के होश उड़ गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
हरचंदपुर गांव निवासी मोनू कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 24 फरवरी को वह परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। उनका सामान तीसरी मंजिल पर रखा हुआ था। देर रात को चोरों ने घर की तीसरी मंजिल पर घुसकर कमरे के ताले तोड़कर अलमारी में रखे करीब चार लाख रुपये के आभूषण व 45 हजार की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह करीब चार बजे जब परिवार सोकर उठा तो तीसरी मंजिल पर कमरे व अलमारी के ताले टूटे थे। आनन-फानन मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे व अन्य स्तर पर छानबीन की लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया। शनिवार को पीड़ित मोनू कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी मनोज मेनवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है।