एलएलबी पाठ्यक्रम की अनुमति को लेकर कार्रवाई के निर्दश
पूर्व विधायक चैंपियन ने की तकनीकी शिक्षा मंत्री से मुलाकात
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। महाविद्यालयों को एलएलबी पाठ्यक्रम की अनुमति नहीं दिए जाने को लेकर खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात की। जिस पर मंत्री ने विभागीय सचिव से रिपोर्ट तलब करते हुए एक सप्ताह में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पूर्व विधायक चैंपियन ने बताया कि विधिक संकाय में भविष्य तलाश रहे युवाओं के सामने महाविद्यालयों में एलएलबी पाठ्यक्रम की अनुमति नहीं दिया जाना चिंता का विषय है। जिसके चलते उन्होंने तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल से उनके आवास पर मुलाकात की। साथ ही एक पत्र भी सौंपा। जिसमें बताया है कि वीर माधोसिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा नए महाविद्यालयों को एलएलबी पाठ्यक्रम की मान्यता नहीं दी जा रही है। जिससे छात्रों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने विभागीय सचिव एवं विवि के कुलसचिव से रिपोर्ट तलब करते हुए एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई किए जाने को कहा है।