गंगदासपुर गांव में एक पक्ष के चार लोगों ने दूसरे पक्ष के व्यक्ति पर हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर आए ग्रामीणों को देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरचंद शर्मा ने बताया कि गंगदासपुर गांव निवासी राजवीर ने बताया था कि वह अपनी पशुशाला में बंधे पशुओं को चारा डाल रहा था लेकिन इसी बीच दूसरे पक्ष के चार लोग लाठी-डंडे लेकर उसकी पशुशाला में चढ़ आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि जब उसने गाली देने का विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर कई लोग मौके पर आ गए। उन्हें देखकर आरोपी हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरचंद शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर नेत्रपाल, कपिल, मोहित व सप्पड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।