सुपरवाइजर के मकान की दीवार पर पंचायत चुनाव में अपने समाज से जुड़े प्रत्याशी को वोट न देने पर पूरे परिवार को मौत के घाट उतारने की धमकी भरा पत्र चस्पा किया गया है। धमकी भरा पत्र मिलने से परिवार में दहशत है। पुलिस ने मकान स्वामी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र स्थित सीधड़ू गांव निवासी तिलकराज ने पुलिस को बताया कि वह हरिद्वार की एक कंपनी में सुपरवाइजर की नौकरी करते हैं। पंचायत चुनाव में प्रत्याशी वोट मांगने उनके घर आ रहे हैं। दो दिन पूर्व करीब एक दर्जन युवक आए और अपना वोट एक प्रत्याशी को देने की बात कही। उन्होंने अपनी मर्जी से वोट देने की बात युवकों से की थी। इसके बाद युवक नाराज होकर चले गए थे।
बताया कि अगली सुबह एक प्रत्याशी के समर्थक दीवारों पर चुनावी पंफलेट चस्पा कर रहे थे। इस बीच उनके घर की दीवार पर धमकी भरा पत्र चस्पा मिला। पत्र में धमकी दी गई है कि अगर उन्होंने अपने समाज और बिरादरी के संगठन से बाहर जाकर किसी दूसरे को वोट दिया तो पूरा परिवार अगला चुनाव नहीं देख सकेगा। पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।