सुल्तानपुर निवासी सुल्ताना ने मंगलवार को पुलिस चौकी में तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह करीब पांच वर्ष पूर्व गढ़मीरपुर थाना रानीपुर जिला हरिद्वार निवासी एक युवक के साथ हुआ था। महिला का आरोप है कि उसका पति और ससुराल वाले कम दहेज लाने को लेकर उसके साथ मारपीट करते थे।
करीब नौ महीने पहले जब वह गर्भवती थी तब उसके पति, सास-ससुर, ननद-ननदोई ने दहेज की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आए पड़ोसियों को देखकर पति ने तीन तलाक देकर उसे बच्चे के साथ घर से निकाल दिया था। तभी से महिला अपने मायके सुल्तानपुर में रह रही थी।
आरोप है कि किसी ग्रामीण ने उसे बताया कि उसके पति ने कुछ दिन पहले ही दूसरा निकाह कर लिया है। महिला ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी में मामले की तहरीर देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है। सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।