मंगलौर–रुड़की क्षेत्र के मुंडलाना रोड पर मुस्तकीम की ओर से 25 से 26 बीघा भूमि में विकसित की जा रही अनाधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की टीम ने कड़ी कार्रवाई की है। शाखा कार्यालय रुड़की से पहुंची प्राधिकरण टीम ने जेसीबी की सहायता से मौके पर चल रहे अनाधिकृत कार्य को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण अधिकारियों ने स्थल पर मौजूद अनाधिकृत निर्माणकर्ता को सख्त निर्देश दिए कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आगे न किया जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार अनुमति प्राप्त किए बिना प्लाटिंग या निर्माण करना अवैध है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है।