दवा फैक्टरी के दफ्तर का ताला तोड़कर नकदी और सामान चोरी कर लिया गया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली क्षेत्र के आसफनगर स्थित दवा फैक्टरी के एचआर रोहित आर्य ने पुलिस को बताया कि 13 नवंबर की रात को चोर फैक्टरी की दीवार फांदकर एडमिन एरिया में घुस आए। दफ्तर के ताले तोड़कर चोरों ने उसमें रखी नकदी, चांदी के चार सिक्के, इलेक्ट्रिक उपकरण, कंप्यूटर की हार्ड डिस्क चोरी कर ली। फैक्टरी में तैनात सुरक्षा गार्ड ने मामले की जानकारी उन्हें दी। फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध नजर आए हैं। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही वारदात में शामिल आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।