चोरों ने एक साइबर कैफे का ताला तोड़कर हजारों का सामान चोरी कर लिया। कैफे मालिक की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सुनहरा रोड पर विक्रांत पुंडीर का साइबर कैफे है। रोजाना की तरह विक्रांत मंगलवार रात कैफे का ताला लगाकर घर आ गए थे। रात में चोरों ने किसी समय कैफे का ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दे दिया। बुधवार सुबह विक्रांत कैफे पर पहुंचे तो ताला टूटा मिला। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था।
एलईडी, इनवर्टर, बैटरा, सेटअप बॉक्स गायब थे। इसके अलावा चोर कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर भी ले गए। विक्रांत ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले। कोतवाली प्रभारी मनीष उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है। शक के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।