तिलकपुरी में काटे चार हरे आम के पेड़, विभाग कर रहा जांच
सुल्तानपुर। तिलकपुरी गांव के पास एक खेत में किसान की ओर से चार हरे आम के पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। पेड़ों की कटाई की पहचान छिपाने के लिए किसान ने जड़ों को उखाड़कर खेत की जुताई भी कर दी। सूचना मिलने पर बृहस्पतिवार को वन चौकी प्रभारी भोगपुर मोनी चौधरी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग के अनुसार आम के पेड़ों की कटाई बिना अनुमति किए जाने की आशंका है। पेड़ों की कटाई की अनुमति उद्यान विभाग से मिलती है, जिसकी पुष्टि की जा रही है। उद्यान विभाग लक्सर के अधिकारी सुरेश यादव ने बताया कि हाल ही में उनकी नियुक्ति हुई है, इसलिए मामले की जानकारी एकत्र की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद