एक स्कूटी सवार की कार में टक्कर लगने पर कार सवारों ने लाठी-डंडों से हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि कार सवारों ने भागते समय फायरिंग भी की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार सवारों की तलाश शुरू कर दी है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित थिथकी निवासी सुरेश पाल ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे अर्जुन का ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद चल रहा है। 22 सितंबर की सुबह वह मंगलौर से थिथकी जा रहे थे। जैसे ही वह झबरेड़ा रोड पर सरकारी नाले के पास पहुंचे तो नीले रंग की कार में सवार युवकों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
इसके बाद कार सवारों ने लाठी-डंडे निकालकर उनके साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि स्कूटी में भी तोड़फोड़ की गई। वह किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागे। इस बीच कार सवारों ने पीछे से फायर झोंक दिया। वो किसी तरह वह बाल-बाल बचे। आसपास के लोगों को आता देख कार सवार मौके से फरार हो गए। लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया और सूचना परिजनों को दी। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर के आधार पर जॉनी उर्फ सूरज निवासी किशनपुर बराल जिला बागपत और तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।