खोई के ढेर में आग की ऊंची-ऊंची लपटें देख ग्रामीण दहशत में आ गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित जौरासी गांव के पास खोई के ढेर लगे हैं। बृहस्पतिवार रात खोई के ढेर में संदिग्ध हालात में आग लग गई। आग लगती देख ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पहले खुद ही आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग भड़कती गई और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
लपटें उठती देख ग्रामीण दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने रुड़की फायर स्टेशन को सूचना दी। सूचना मिलते ही लीडिंग फायरमैन नजाकत अली, अतर सिंह राणा, विपिन सिंह तोमर व हरिश्चंद्र राणा मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। उधर, खोई के मालिक जुनैद ने बताया कि आग से करीब 40 हजार का नुकसान हो गया है। आशंका जताई जा रही है कि बीड़ी या सिगरेट से आग लगी होगी।