अग्निशमन सेवा सप्ताह में श्री सीमेंट फैक्टरी में मॉक ड्रिल का आयोजन
लक्सर। राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान लक्सर स्थित श्री सीमेंट फैक्टरी में फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन विभाग ने श्रमिकों को आग से बचाव, रोकथाम और आग बुझाने का प्रशिक्षण दिया। अग्निशमन अधिकारी कुंवर सिंह राणा ने कहा कि आग लगने जैसी आकस्मिक घटनाओं में लोग धैर्य रखें और बचाव व रोकथाम के उपाय का प्रयोग कर क्षति को सीमित करने का प्रयत्न करें। उन्होंने आपात स्थिति में तत्काल 101 व 112 नंबरों पर सूचना देने की अपील की। फैक्टरी के एचआर हेड शिवराज ने कहा कि प्रशिक्षण से कर्मचारियों को आपात स्थितियों से निबटने में सहायता मिलेगी। मॉक ड्रिल के दौरान कर्मचारियों को आग बुझाने का डेमो दिया गया। मॉक ड्रिल में एचआर विभाग के अश्वनी शर्मा, सुरक्षा अधिकारी संजीव शर्मा, फायरमैन कविंद्र सिंह, अमित नेगी, दीपक कुमार, संजय कुमार, अनीस खान और फैक्टरी के कर्मचारी शामिल रहे।