गन्ने की खोई से लदा ट्रक बृहस्पतिवार रात में लक्सर से रुड़की जा रहा था। जैसे ही वह डोसनी रेलवे फ्लाईओवर पर पहुंचा। इसी दौरान इंजन के पास से गुजर रही तार में शाॅर्ट सर्किट होने से केबिन वाले हिस्से में आग लग गई। केबिन में बैठे चालक और अन्य लोगों ने कूदकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की गाड़ी ने आग पर काबू पाया।बृहस्पतिवार की रात लगभग 12 बजे सहारनपुर निवासी नूर अहमद लक्सर क्षेत्र से अपने ट्रक में गन्ने की खोई लादकर लक्सर-रुड़की मार्ग से जा रहे थे। आग लगने की सूचना मिलते ही लक्सर से अग्निशमन अधिकारी कृपाराम शर्मा, लीडिंग फायरमैन निर्मल कुमार, चालक जसवंत राणा, फायरमैन कविंद्र सिंह, राम सिंह, जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन अधिकारी कृपाराम शर्मा ने बताया कि ट्रक के केबिन में लगी आग पर समय रहते काबू पा लिया था क्योंकि ट्रक में गन्ने की सूखी खोई लदी थी और आग डीजल टैंक की ओर बढ़ रही थी। यदि आग टैंक तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।