कोतवाली क्षेत्र के फतवा गांव में 10 नवंबर की शाम को एक चार वर्षीय बालक की ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया था। मामले में फतवा गांव निवासी अर्जुन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 नवंबर की शाम को उनका चार वर्षीय भतीजा रुद्र अपनी माता के साथ गांव में ही सड़क किनारे खड़ा था। तभी यहां से गुजरे एक ट्रक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आकर उसे टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।