रामपुर चुंगी पर शनिवार की शाम युवकों में हुआ विवाद
पुलिस युवकों को कर रही चिह्नित, लोगों से कर रही पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की।
वर्चस्व की जंग को लेकर युवकों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। इस बीच एक गुट ने दूसरे गुट के युवक की बाइक में भी तोड़फोड़ कर दी। मौके पर भीड़ जमा होता देख दोनों गुट एक-दूसरे को धमकी देकर फरार हो गए।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पनियाला रोड निवासी युवकों का दूसरे गुट से पुराना विवाद चला आ रहा है। जिसे लेकर दोनों गुट पहले भी भिड़ चुके हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार की देर शाम पनियाला रोड निवासी चार युवक दो बाइकों पर सवार होकर रामपुर चुंगी की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान दूसरे गुट के युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों पक्षों में गाली गलौज हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों गुटों में जमकर मारपीट हो गई। इस बीच एक गुट ने दूसरे गुट के युवक की बाइक में तोड़फोड़ कर दी। युवकों में मारपीट होता देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों को देख युवक मौके से फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी बीएल भारती ने बताया कि युवकों को चिह्नित किया जा रहा है।