गंगनहर पटरी पर युवकों के दो गुट आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दो से तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की गई जिससे लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंची तो युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस युवकों की गहनता से तलाश कर रही है।
शनिवार शाम को नारसन कस्बे में राजा महेंद्र प्रताप डिग्री कॉलेज के मैदान के पीछे रजवाहे की पटरी पर युवकों के दो गुटों के बीच तनातनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि इस बीच दोनों ओर से हवाई फायरिंग भी की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक फरार हो गए।
पुलिसकर्मियों ने नारसन खुर्द के पास पेट्रोल पंप तक एक बाइक सवार युवकों का पीछा किया। युवक एक गन्ने के खेत में घुस गए। पुलिसकर्मी भी युवकों की तलाश में गन्ने के खेत में घुस गए लेकिन युवकों का कुछ पता नहीं चल पाया। चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से युवकों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि युवकों में वर्चस्व की जंग चली आ रही है। इससे पहले भी युवकों के गुटों में फायरिंग हो चुकी है।