झबरेड़ा क्षेत्र के किसानों के प्रतिनिधि मंडल ने गन्ने का मूल्य 450 रुपए घोषित करने की मांग उठाई है। किसानों ने लक्सर में आयोजित एक कार्यक्रम में हस्ताक्षर युक्त मांग पत्र पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत को सौंपा। समाजसेवी सुभाष कुमार नंबरदार के नेतृत्व में रजत कुमार, विकास व अंकित आदि किसानों ने ज्ञापन में बताया कि शुगर मिलों को चालू हुए एक महीना बीत गया है लेकिन उत्तराखंड में गन्ने का भाव घोषित नहीं किया गया है। शुगर मिल किसानों को पिछले साल के पुराने भाव पर ही गन्ना भुगतान कर रही है। इससे किसान भ्रमित होकर गन्ने की आपूर्ति गन्ना चरखियों में कर रहा है। इसी वजह से लिब्बरहेड़ी व लक्सर मिल को पर्याप्त मात्रा में गन्ना आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उधर पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में समय से गन्ने का भाव घोषित कर दिया गया है। किसानों ने गन्ने के दाम 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषणा करने की मांग उठाई है। इस दौरान अंकुर चौहान, आंचल, शहजान अंसारी, अनुज कुमार, मोहित कुमार, मुकुल कुमार व सेठपाल आदि किसान मौजूद रहे।