अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं शिकायतकर्ता, नहीं हुई कार्रवाई
लक्सर। खडंजा कुतुबपुर गांव में सार्वजनिक मार्ग पर हुए अतिक्रमण को प्रशासन छह माह बाद भी नहीं हटा सका है। अतिक्रमण से परेशान ग्रामीण लगातार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन मिल रहे हैं। गांव निवासी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि बीते वर्ष कुछ लोगों ने सार्वजनिक रास्ते की भूमि पर कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया था। इससे मार्ग अवरुद्ध हो गया है और जलनिकासी की समस्या भी पैदा हो गई है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत तहसील प्रशासन से की थी। आरिफ ने बताया कि पिछले छह माह में वह स्थानीय और जनपद स्तर के अधिकारियों से कई बार गुहार लगा चुके हैं। प्रशासनिक जांच में भी अवैध अतिक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। तहसील दिवस में शिकायत दर्ज कराने के बाद हाल ही में एडीएम के समक्ष भी मामला उठाया गया, लेकिन आदेश के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। अब शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मिलकर कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।