भगवानपुर में टोल प्लाजा पर प्रदर्शन करते किसान। स्वयं
भगवानपुर टोल प्लाजा पर शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (एकता) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट फरमान त्यागी के नेतृत्व में किसानों ने विभिन्न मांगों के लिए प्रदर्शन किया। किसानों ने टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले ग्रामीण वाहनों को टोल फ्री किए जाने की मांग उठाई। इसके साथ ही टोल प्लाजा पर तैनात दो कर्मचारियों पर किसानों से अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल बर्खास्त कर कार्रवाई की मांग की। किसानों ने टोल प्लाजा पर कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने की भी मांग की। प्रदर्शन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना भगवानपुर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। एडवोकेट फरमान त्यागी ने कहा कि इकबालपुर शुगर मिल से किसानों का बकाया गन्ना भुगतान शीघ्र कराया जाए। उन्होंने ग्राम सालियर के पास अंडरपास निर्माण और गांव खजूरी में 50 बिजली के खंभों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी रखी। टोल प्लाजा मैनेजर सौरभ यादव ने मौके पर पहुंचकर किसानों के मांग पत्र को उच्चाधिकारियों को भेजे जाने आश्वासन दिया।