लंढौरा। नगर पंचायत लंढौरा के सफाई कर्मियों की समस्याओं के लिए वार्ड संख्या एक के अनिल भगत ने देहरादून में उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य विनय प्रताप से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सफाई कर्मचारियों को पांच लाख रुपये तक का जीवन बीमा उपलब्ध कराने और वर्दी सुविधा देने की मांग की गई। अनिल भगत ने बताया कि सफाई कर्मचारी प्रतिदिन नालियों, सीवर लाइनों और कूड़े के ढेरों के बीच जोखिम भरे हालातों में कार्य करते हैं। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर उनके परिवारों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जीवन बीमा की सुविधा उनके परिवारों के लिए सुरक्षा कवच साबित हो सकती है। उन्होंने सफाई कर्मियों को वर्दी के साथ-साथ सर्दियों के लिए जैकेट और जूते उपलब्ध कराने की भी मांग रखी ताकि वे सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से कार्य कर सकें। प्रताप ने मांगों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।