शहर की ज्यादातर सड़कों का है यही हाल, शिकायत के बाद भी अधिकारी झाड़ रहे पल्ला
शहर की सड़कों की हालत खस्ता है। तमाम सड़के गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। डीएवी रोड शहर की मुख्य सड़कों में से एक है। यह सड़क तीन माह से लगातार धंस रही है। हर दिन सड़क पर नया गड्ढा नजर आता है। हालत यह हो गई है कि इस सड़क से गुजरना सीधा हादसों को न्योता देने जैसा है। इसके बावजूद विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। इससे लोगों में रोष है।
जुलाई में अतिवृष्टि के बाद डीएवी रोड पर एक के बाद एक गड्ढे होने शुरू हो गए थे। एक-दो दिन के भीतर यह सड़क पांच स्थानों पर धंस गई और वहां गहरे गड्ढे बन गए। शिकायतों के बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव शाह ने एडीबी अधिकारियों के साथ मिलकर सड़क का निरीक्षण किया था। साथ ही गड्ढों को भरकर सड़क की मरम्मत करने के निर्देश थे।
एडीबी ने सड़क के गड्ढों को भरने के लिए उसमें मलबा भी डलवाया था लेकिन इस कार्य को बीच में छोड़ दिया गया था। तब से लेकर अब तक यह गड्ढे ऐसे ही पड़े हैं जबकि हर दिन इन गड्ढों का आकार बढ़ता जा रहा है। गड्ढे इतने बड़े हो गए हैं कि चौपहिया वाहनों के लिए रास्ता भी नहीं रह गया है। इसके बावजूद अधिकारियाें के ध्यान नहीं देने से लोगों में आक्रोश है।
Iतीन काॅलेज हैं इस रोड परI
डीएवी रोड पर तीन बड़े काॅलेज हैं। इसके चलते बड़ी संख्या में छात्र इस रोड से गुजरते हैं। डीएवी इंटर काॅलेज, डीएवी पीजी काॅलेज व राजकीय इंटर काॅलेज इसी रोड पर हैं। सड़क में गहरे गड्ढे होने से अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
वर्ष 2019 में एडीबी ने बनाई थी सड़क
शहर में करीब 300 करोड़ के सीवर व पानी की लाइन डालने के कार्य हुए थे। एडीबी की ओर से यह कार्य किया गया था। डीएवी रोड पर भी लाइन डाली गई थी। इसके बाद सड़क को बनाया गया था लेकिन इस कार्य में मानकों की अनदेखी की गई थी। इसके चलते उस समय भी लोगों ने प्रदर्शन किया था। यह सड़क हर छह माह में कहीं ने कहीं से धंसती रहती है। इस बार अतिवृष्टि ने एडीबी के कार्यों की पूरी तरह से पोल खोलकर रख दी है। पूरी ही सड़क धंसती जा रही है।
छह स्थानों पर बने हैं बड़े और गहरे गड्ढे
डीएवी रोड पर पांच स्थानों पर गहरे और बड़े गड्ढे बन गए हैं। इसमें डीएवी पीजी काॅलेज के मैदान के बाहर बड़ा गड्ढा है। यहां पर चलने के लिए केवल एक मीटर ही रास्ता बचा है। डीएवी इंटर काॅलेज के गेट के सामने भी बड़ा गड्ढा है। गणेश वाटिका डाकघर के सामने भी दो गहरे गड्ढे बन चुके हैं। इसके अलावा एक निजी अस्पताल और राजकीय प्राथमिक विद्यालय के बाहर भी गड्ढा है।
कहीं बैरिकेड्स तो कहीं लगे हैं डंडे
गड्ढों में गिरकर लगातार लोग चोटिल हो रहे हैं। इसको लेकर देखते हुए लोगों ने गड्ढों के पास पुलिस के बैरिकेड्स और डंडे-बल्लियां लगा दी हैं ताकि दुर्घटना होने से बचाया जा सके।
इन सड़कों का भी है बुराहाल
-आजादनगर चौक से पनियाला वाली रोड
-रामपुर चुंगी से मच्छी बाजार वाली रोड
-मेन बाजार की सड़क
-नई कचहरी रोड
डीएवी रोड एडीबी की ओर से बनाई गई थी। इस रोड के लगातार धंसने की शिकायतें आ रही हैं। अब भी इस सड़क पर कई गड्ढे बने हुए हैं। उनको भरवाया जाएगा। इस रोड की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है। जल्द ही रोड को बनवाया जाएगा। -जुनैद गौड़, सहायक अभियंता, जल संस्थान रुड़की