दरगाह साबिर पाक का सालाना उर्स संपन्न होने के बाद दरगाह प्रबंधक ने बाजारों से अस्थायी अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान अस्थायी दुकानदारों ने जनप्रतिनिधियों के साथ दरगाह कार्यालय के सामने धरना देकर दरगाह प्रबंधक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
कलियर दरगाह प्रबंधक रजिया ने सोमवार को दरगाह कर्मचारियों और पुलिस बल के साथ अस्थायी दुकानदारों को हटवाया। इस दौरान उन्होंने पीपल चौक, डोई बाजार, फव्वारा चौक समेत अन्य दरगाह क्षेत्र से अतिक्रमण हटवाया और साथ ही स्वयं अतिक्रमण हटवाने की चेतावनी दी। अस्थायी दुकानदारों ने जनप्रतिनिधियों के साथ दरगाह कार्यालय के सामने इकट्ठा होकर धरना दिया और दरगाह प्रबंधक के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
अस्थायी दुकानदारों का कहना है कि उर्स की मुख्य रस्मों के बाद उनका कारोबार चलता है। वह पूरा साल उर्स का इंतजार करते हैं। अब प्रबंधक उनकी दुकानों को अतिक्रमण के नाम पर हटा रही हैं। दरगाह प्रबंधक रजिया ने बताया कि अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया है। कुछ अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी लेकिन उन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया। किसी के भी दबाव में अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं रोका जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सभासद नाजिम त्यागी, परवेज मलिक, इस्तेकार अली, दिलशाद अली, जाहिद ,फुरकान, कमर, नावेद, आसिफ, नफीस त्यागी, मीर हसन, सोनू, राशिद मौजूद रहे।