डेबिट कार्ड के नवीनीकरण का झांसा देकर खाते से निकाली रकम
ग्रामीण ने पुलिस को दी तहरीर, बैंक से भी की शिकायत
साइबर ठगों ने एक ग्रामीण के खाते से हजारों की रकम साफ कर दी। ग्रामीण की ओर से पुलिस और बैंक से शिकायत की गई है। पुलिस ने मामला जांच के लिए साइबर सेल भेज दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित मिलापनगर, ढंढेरा निवासी सतपाल ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उनके पास से बैंक के नाम से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने बताया था कि उनके डेबिट कार्ड की वैधता समाप्त हो गई। डेबिट कार्ड के नवीनीकरण के लिए कुछ कागजी कार्रवाई पूरी करनी होगी। उसके झांसे में आकर उन्होंने पूरी जानकारी दे दी।
कुछ देर बाद उनके खाते से 48 हजार रुपये निकालने का मैसेज आया। उन्होंने उस नंबर पर कॉल की लेकिन वह बंद आया। उन्होंने बैंक पहुंचकर मामले की शिकायत की। साथ ही पुलिस से भी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। साथ ही मामले को जांच के लिए साइबर सेल भेज दिया गया है।