लक्सर/सुल्तानपुर। स्कूल से घर लौट रही एक छात्रा से गांव के ही एक युवक ने बलात्कार करने का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के किसानों ने छात्रा को आरोपी के चंगुल से छुड़वाया। आरोपी युवक की धुनाई करने के बाद कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार एक गांव बारह साल किशोरी बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे स्कूल से घर लौट रही थी। छात्रा जैसे ही गांव के पास पहुंची तो गांव के ही एक युवक ने शराब के नशे में छात्रा को गन्ने के खेत में खींच लिया। युवक ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ शुरू की तो उसने शोर मचा दिया। छात्रा की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक के चंगुल से छात्रा को छुड़ाकर आरोपी युवक की जमकर धुनाई की। घटना की सूचना छात्रा के परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे छात्रा के परिजन आरोपी युवक को लेकर कोतवाली पहुंचे। छात्रा के पिता की ओर से आरोपी युवक के खिलाफ बलात्कार के प्रयास की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई। जिस पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक बंटी पुत्र श्यामलाल के खिलाफ बलात्कार के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी युवक का मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया।