बुटीक से आते जाते छेड़छाड़ करने पर छात्रा ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के परिजनों ने झूठा फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए मामला प्रेम प्रसंग का बताया है।
शहर की एक कालोनी निवासी बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा बुटीक पर सिलाई कढ़ाई के लिए जाती है। छात्रा का आरोप है कि हफ्ते भर से खंजरपुर निवासी विवेक उसका पीछा कर रहा था। उसने कई बार विरोध भी किया। सोमवार को उसने छेड़छाड़ करते हुए साइकिल में टक्कर मार दी। युवती ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरा माजरा बताया।
इसके बाद परिजन युवती को सिविल लाइंस कोतवाली लेकर पहुंचे। उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस पर आरोपी के परिजन भी कोतवाली पहुंच गए और युवती और उसके परिजनों से समझौते का आग्रह किया।
आरोपी और उसके परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच करीब दो साल से अफेयर चल रहा था। हफ्ते भर से वह हरिद्वार काम कर रहा है, आरोप लगाया कि उसे झूठा फंसाया जा रहा है। वहीं एसएसआई गोविंद कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। जल्द ही पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।