चुड़ियाला। पुलिस की दबिश पड़ने पर एक हत्यारोपी का भाई छत से कूद गया। जिससे उसकी टांग टूट गई। पुलिस ने घायल युवक से पूछताछ की तो आरोपी का भाई निकला।
चुड़ियाला के बिनारसी गांव में 11 नवंबर को मामूली विवाद के बाद हुई मारपीट में माधोपुर का किशोर मोनू उर्फ आदिल गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान मौत होने पर परिजनों की ओर से हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। दो आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। फरार आरोपियों की तलाश चल रही है। रविवार की रात पुलिस को एक आरोपी इरफान के अपने घर आने की सूचना मिली। टीम ने जैसे ही दबिश दी, एक युवक ने छत से छलांग लगा दी। पुलिस को लगा कि आरोपी फरार हो रहा है, इस पर युवक को पकड़कर उससे पूछताछ की गई। युवक ने अपना नाम इमरान बताया। युवक की टांग में फ्रैक्चर बताया गया है। परिजन उसका इलाज करा रहे हैं। वहीं थाना प्रभारी सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है।