ब्यूरो/अमर उजाला, बुग्गावाला
हथियारबंद बदमाशों ने बुग्गावाला क्षेत्र स्थित स्टोन क्रशर पर धावा बोलकर रातभर खूब कहर बरपाया। वहां तैनात दो चौकीदारों को बंधक बनाकर बदमाशों ने जमकर मारपीट की और करीब डेढ़ लाख की डकैती की वारदात को अंजाम दे डाला। चौकीदारों को एक कमरे में बंद कर बदमाश सामान को एक गाड़ी में भरकर फरार हो गए। सुबह ग्रामीणों ने शोर सुनकर चौकीदारों को छुड़ाया और सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पीड़ित चौकीदारों ने पुलिस को डकैती की तहरीर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बुग्गावाला थाना क्षेत्र में बंजारेवाला गांव के पास देहरादून निवासी अमरपाल सिंह का स्टोन क्रशर है, जो पिछले तीन वर्षों से बंद पड़ा है। मालिक अमर पाल सिंह ने क्रशर की देखभाल के लिए मुजफ्फरनगर निवासी दो चौकीदारों राज सिंह और नरेश कुमार को रखा है। शनिवार रात दोनों स्टोन क्रशर परिसर के एक कमरे में बैठे थे। चौकीदारों के मुताबिक, रात करीब नौ बजे नकाबपोश हथियारबंद करीब नौ बदमाश स्टोन क्रशर क्रेशर में आ घुसे। बदमाशों ने कमरे में पहुंचकर दोनों चौकीदारों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान दो बदमाश कमरे में ही रहे, जबकि अन्य बदमाश स्टोन क्रशर का सामान समेटने लगे। रात नौ से तड़के चार बजे तक बदमाशों ने स्टोन क्रशर पर जमकर तांडव मचाया।
बदमाशों ने ट्रांसफार्मर का सामान, गैस सिलेंडर, टीवी, चार विद्युत मोटर, स्टार्टर और बिस्तर समेत करीब डेढ़ लाख का सामान समेट लिया और एक गाड़ी में भर लिया। इसके बाद चौकीदारों को कमरे में बंद कर फरार हो गए। सुबह खेतों पर जाते समय ग्रामीणों ने शोर सुना तो मौके पर पहुंचे और चौकीदारों को बंधनमुक्त कराया। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नंद किशोर ग्वाड़ी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। वहीं, चौकीदारों ने घटना की सूचना स्टोन क्रशर मालिक को दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वारदात में शामिल बदमाशों का पता लगाया जा रहा है। मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।