मंगलौर। किसान के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने शिफ्ट इंचार्ज और आरोपी किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि एक अन्य मामले को लेकर पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
होली की रात उत्तम शुगर मिल में कुछ विवाद हो गया था। पीड़ित भगवानपुर चंदनपुर के किसान चुन्नू ने मंगलौर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि होली की रात शुगर मिल के शिफ्ट इंचार्ज जनवीर ने कुछ चहेते किसानों का गन्ना पक्षपात पूर्ण रैवये के कारण पहले तुलवा दिया, जबकि इससे पहले करीब 30-30 घंटे से किसान लाइन में गन्ना तुलवाने को लगे हुए थे। आरोप यह भी है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उसके साथ शिफ्ट इंचार्ज ने आरोपी किसानों के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। इसके साथ चुन्नू के ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी क्षतिग्रस्त किया गया है। पुलिस ने चुन्नू की तहरीर पर शिफ्ट इंचार्ज जनवीर और अन्य अज्ञात किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि इसी दिन एक अन्य मामले में बिझौली निवासी रशीद ने पुलिस को तहरीर देकर शुगर मिल के सुरक्षा कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया था। इसमें रशीद का हाथ टूट गया था। पुलिस ने इस मामले में अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है। एसएसआई अजय कुमार ने बताया कि चुन्नू की तहरीर पर आरोपी शिफ्ट इंचार्ज और अन्य अज्ञात किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।