रुड़की। बीएससी के छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। छात्र ने घटना से करीब एक घंटा पहले मां के साथ फोन पर बात की थी। जिसके चलते माना जा रहा है कि आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कारण हो सकता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सहारनपुर के बढ़ेडी गांव निवासी 20 वर्षीय अंकित पुत्र नेत्रपाल रुड़की के दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मदरहुड यूनिवर्सिटी में बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रहा था। अंकित अपने एक अन्य साथी के साथ चावमंडी में रहता था। बताया जा रहा है कि अंकित का दोस्त किसी काम से अपने घर गया हुआ था जिसके चलते अंकित अपने कमरे पर अकेला था। रविवार की सुबह आस-पास के लोगों ने देखा कि अंकित के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। काफी देर बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो आस-पास के लोग हरकत में आए और किसी तरह दरवाजा खोला गया। अंकित का शव छत से लटका हुआ था। घटना को लेकर सभी लोग भौचक्के रह गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ एसके सिंह ने बताया कि अंकित ने घटना से करीब एक घंटा पहले अपनी मां से बात की है। जिसके चलते माना जा रहा है कि परिवारिक विवाद के चलते अंकित ने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन भी सहारनपुर से रुड़की पहुंच गए। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।