लक्सर। लक्सर-रुड़की मार्ग पर कुआंखेड़ा गांव के निकट ट्रक व कार की आमने-सामने की भिड़ंत में कार में सवार एक सात वर्षीय बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चालक डॉक्टर दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया तथा बच्चे के शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिलीजानकारी के अनुसार टिहरी निवासी दुर्गा प्रसाद रतूड़ी कोतवाली क्षेत्र के हिरणाखेड़ी गांव स्थित होम्योपैथिक अस्पताल में डॉक्टर के पद पर तैनात हैं । वह पिछले कई वर्षों से रुड़की में ही रह रहे हैं। बुधवार को डॉक्टर दुर्गा प्रसाद रतूड़ी अपनी कार से ड्यूटी पर आ रहे थे, उनके बच्चे की स्कूल से जल्दी छुट्टी हो जाने की वजह से वह अपने सात वर्षीय बेटे को भी अस्पताल में ही अपने साथ लेकर आ गए थे। ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपने घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही लक्सर रुड़की मार्ग पर कुआं खेड़ा गांव के तिराहे के निकट पहुंचे तभी रुड़की की ओर से आ रहे एक ट्रक से उनकी आमने-सामने की टक्कर हो गई तथा उनकी कार कई फीट गहरी खाई में गिर गई। जिससे उनके सात वर्षीय बेटे की मौकेपर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायल डॉक्टर को अस्पताल पहुचाया तथा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया। कोतवाल तिवेंद्र सिंह राणा का कहना है कि मामले की जांचपड़ताल की जा रही है। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।