रुड़की। गैंगेस्टर देवपाल राणा की हत्या का मुख्य आरोपी ऋषिपाल आत्मसमर्पण करने की फिराक में है। आत्मसमर्पण के लिए दायर किए गए ऋषिपाल के प्रार्थना-पत्र पर कोर्ट ने पुलिस से पांच जनवरी तक रिपोर्ट मांगी है।
सुनील राठी गिरोह के गैंगेस्टर देवपाल राणा की 20 नवंबर को रुड़की कोर्ट परिसर में उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी जब वह कोर्ट मेें पेशी पर लाया गया था। इस दौरान पुलिस ने दो शूटरों को मौके से गिरफ्तार कर लिया था, जबकि तीसरे आरोपी को पुलिस ने देहरादून से गिरफ्तार किया था। कोतवाली गंगनहर में दर्ज हत्या के मुकदमे की जांच कोटद्वार कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह जिमीवाल कर रहे हैं। तीन दिन पहले भी जिमीवाल रुड़की पहुंचे और साक्ष्य जुटा ले गए थे। फरार मुख्य आरोपी ऋषिपाल की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है लेकिन, पुलिस अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है। छापों से बन रहे दबाव का परिणाम यह रहा कि ऋषिपाल अब कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की फिराक में है। ऋषिपाल की तरफ से इस संबंध में स्थानीय कोर्ट में प्रार्थना-पत्र दाखिल किया है। मामले की जांच कर रहे कोतवाल उत्तम सिंह जिमीवाल ने बताया कि इस प्रार्थना पत्र पर कोर्ट ने पांच जनवरी तक पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। उधर, ऋषिपाल के देवबंद में एक स्थान पर छिपे होने की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने देवबंद में भी दबिश दी लेकिन, ऋषिपाल नहीं मिला। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि ऋषिपाल की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।