ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। बीटी गंज स्थित एक घर के बाहर फड़ लगाने का विरोध करना मकान मालिक को भारी पड़ गया। फड़ लगाने वालों ने मकान मालिक की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान फड़ लगाने वालों ने उनके गले में पड़ी सोने की चेन भी छीन ली। पीड़ित मकान मालिक ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित बीटी गंज निवासी संजय ने बताया कि उनके घर के आग तीन से चार लोग फड़ लगाते हैं। वह कई बार फड़ लगाने वालों को रास्ते में फड़ नहीं लगाने की बात कह चुके हैं। बृहस्पतिवार को भी एक बार फिर उक्त लोगों ने घर के गेट के आगे फड़ लगा ली। जिससे उनके घर का रास्ता बंद हो गया। उन्होंने फड़ लगाने वालों से रास्ता छोड़कर फड़ लगाने की बात कही तो वह गाली गलौज पर उतर आए। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट कर दी। आरोप है कि इस बीच मारपीट के दौरान उक्त लोगों ने उनके गले में पड़ी सोने की चेन छीन ली। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने उन्हें किसी तरह बचाया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के लोगों से सच्चाई का पता लगाया जा रहा है।