ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
जस्सोदरपुर गांव में गाली देने का विरोध करने पर युवक ने पत्नी के साथ मिलकर अपनी वृद्ध मां और भाई को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने वृद्धा की तहरीर पर उसके बेटे और बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जस्सोदरपुर गांव निवासी हमीदा पत्नी शरीफ ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपने बड़े बेटे अफजाल के साथ रहती हैं। आरोप है कि बीते दो अक्तूबर उनका बेटा शहजाल नशे में धुत होकर घर पर आया और उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। वृद्धा का आरोप है कि जब है उससे जान बचाने के लिए वह घर में घुसीं, तो उसने पत्नी के साथ घर का दरवाजा खोल कर उसके साथ मारपीट की। वहीं बीच बचाव करने आए बेटे अफजाल को भी उसने मारपीट कर घायल कर दिया। कोतवाल एसी शर्मा ने बताया कि वृद्धा की तहरीर पर शहजाल और उसकी पत्नी साहिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।