रुड़की। 17 मई (बृहस्पतिवार) की रात ढंडेरा में यूनियन बैंक का एटीएम उखाड़कर ले जाने के बाद आखिर पुलिस में जाग हुई है। मंगलवार को यातायात पुलिस लाइन में बैंक अधिकारियों की बैठक बुलाई गई। इसमें पुलिस अधिकारियों ने बैंकों से एटीएम, बैंकों की सुरक्षा और बैंकों के आसपास की आवाजाही पर निगरानी रखने के लिए सुरक्षा इंतजामों का ब्योरा देने को कहा गया।
बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी एसके सिंह ने कहा कि सभी बैंक प्रबंधन पुलिस को यह जानकारी उपलब्ध कराएं कि उनके बैंक में अंदर और बाहर कितने सीसीटीवी कैमरे काम कर रहे हैं। कितने बंद पड़े हैं। इन कैमरों का बैकअप कितना है। बैंक के बाहर आवागमन पर नजर रखने के लिए कितने कैमरे हैं। सीओ ने कहा अधिकांश बैंक प्रबंधन की ओर से एटीएम और सुरक्षा का काम किसी आउटसोर्स कंपनी को ठेके पर दिया गया है। इसलिए बैंक के उन अधिकारियों के फोन नंबर, पुलिस उपलब्ध कराएं, ताकि समय-समय पर उनसे एटीएम की सुरक्षा की जानकारी के प्राप्त की जा सके। उन्होंने कहा कि सभी बैंक प्रबंधन एटीएम में सेंसर और जीपीएस सिस्टम लगाएं। ताकि किसी घटना के बाद पुलिस वहां तक पहुंच सके। बैंकों की तरफ से तिलकराज कपूर, मामचंद, ओमवीर, संजय, मो.इस्लाम आदि बैठक में मौजूद रहे।
पार्किंग के इंतजाम करने के निर्देश
रुड़की। बैंक अधिकारियों के साथ बैठक में यातायात पुलिस निरीक्षक बिपेंद्र सिंह ने कहा कि बैंकों के बाहर पार्किंग का इंतजाम न होने से बैंक में आने वाले लोग अपना वाहन सड़क पर पार्क कर देते हैं। इससे कई बार जाम लग जा रहा है। जो बैैंक पार्किंग का इंतजाम नहीं करेंगे पुलिस उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। यातायात बाधित का कारण बन रहे जनरेटरों को हटाने के भी निर्देश दिए गए। सीओ एसके सिंह ने कहा कि यदि बैंक की ओर से जनरेटर नहीं हटाए जाते तो पुलिस स्वयं इन्हें जब्त करेगी।
100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, नहीं लगा सुराग
रुड़की। एटीएम उखाड़ कर ले जाने वाले बदमाशों का पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस रुड़की से लंढौरा तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख चुकी है, लेकिन बदमाशों की पहचान नहीं हो पाई। मंगलवार को पुलिस ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंच कर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज ली। लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल पाया। इससे पहले पुलिस ढंडेरा, नगला इमरती गांव व लंढौरा तक 100 से अधिक सीसीटीवी के फुटेज देख चुकी हैं। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि एटीएम उखाड़ कर ले जाने वाले बदमाश एस्पर्ट हैं। इन्हें चिह्नित करने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। जो बदमाश जेल में बंद है या फिर जेल से बाहर हैं पुलिस उनकी भी कुंडली खंगाल रही है। ब्यूरो