ब्यूरो/अमर उजाला, लंढौरा
कच्ची ईंटों से भरी ट्रैक्टर बोगी पलटने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव घर ले गए।
मुजफरनगर क्षेत्र के गांव दुधाहेड़ी निवासी इसराइल लंढौरा ईदगाह के पास ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर से कच्ची ईंटों की भराई करता था। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे वह ट्रैक्टर बोगी में कच्ची ईंटें भरकर भट्ठे पर जा रहा था। अचानक ट्रैक्टर बोगी करीब 12 फीट गहरे खेत में पलट गई। हादसे में चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। आसपास के लोगों जेसीबी मशीन की मदद से ट्रैक्टर को हटाकर चालक को बाहर निकाला। लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को मुजफ्फरनगर ले गए। चौकी प्रभारी सुखपाल सिंह मान का कहना है कि इस संबंध में शिकायत मिलने पर छानबीन की जाएगी।