अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की। भगवानपुर में दवा कंपनी से साढे़ सात लाख रुपये का केमिकल चुराने वाले दो चोरों को पुलिस ने सात घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया।
बृहस्पतिवार को एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने भगवानपुर में बुधवार शाम को दवा कंपनी में हुई केमिकल की चोरी का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि भगवानपुर में पल्स फार्मा कंपनी दवा बनाने का काम करती है। बुधवार शाम को दवा में मिलाने वाला साढे़ सात लाख रुपये लागत का मिथाइल कोबालामिन केमिकल चोरी हो गया था। कंपनी के एचआर प्रियांशु गुप्ता ने इस बाबत भगवानपुर थाने में तहरीर दी थी। मामले की जानकारी मिलते ही एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने चोरी के खुलासे के लिए टीम गठित की। टीम में थानाध्यक्ष राजीव चौहान, मनोज ममगाईं, प्रदीप रावत, अजय शाह, सुधीर कुमार, विनोद कुमार,देवेंद्र, विनोद चपराना शामिल थे। टीम ने सात घंटे में ही कंपनी में काम करने वाले सालियर निवासी विकास पुत्र तेल्लूराम व व विशाल पुत्र बब्लू निवासी सालियर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने केमिकल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने सालियर में उनके घर से चोरी किया गया केमिकल भी बरामद कर लिया।
एसपी देहात ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। उनका आपराधिक रिकार्ड के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।