भगवानपुर। रायपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक मिक्सी आदि धरेलू उपकरण बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग की खबर लगते ही आस-पास के लोगों में अफरातफरी मच गई। जब तक भगवानपुर और रुड़की से अग्नि शमन की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, तब तक फैक्ट्री का अधिकतर सामान जलकर राख हो चुका था। फैक्ट्री अधिकारियों के अनुसार आग के कारण करीब छह करोड़ का नुकसान हुआ है।
मंगलवार की रात करीब ग्यारह बजे रायपुर स्थित एक फैक्ट्री में तैनात गार्ड ने धुआं उठता देखा। इस पर गार्ड ने मामले की सूचना फैक्ट्री के डायरेक्टर सुभाष कुमार को दी। सुभाष कुमार ने मामले की जानकारी भगवानपुर अग्नि शमन के अधिकारियों को दी। जब तक अग्नि शमन की गाड़ियां मौके पर पहुंची, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। स्थिति पर काबू पाने का प्रयास करते हुए अग्नि शमन के अधिकारियों ने रुड़की के अफसरों से भी गाड़ियों को भेजने की मांग की। जिसके बाद रुड़की की गाड़ियों ने भी मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब पांच बजे पर पूरी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक फैक्ट्री का अधिकतर सामान नष्ट हो गया था। फैक्ट्री के डायरेक्टर सुभाष कुमार ने बताया कि आग लगने के कारण करीब छह करोड़ का नुकसान हुआ है। अग्नि शमन के अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या शार्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की जानकारी मिल रही है।