लक्सर। महाराजपुर खुर्द गांव में रविवार को धर्म परिवर्तन कराने की सूचना पर लक्सर पुलिस ने छापा मारकर एक युवक को गिरफ्तार किया, जबकि उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा। इसी बीच मौके पर पहुंचे विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं पर रोक लगाने की मांग करते हुए पुलिस के सामने हंगामा कर दिया। पुलिस ने पकड़े गए युवक का चालान कर दिया है। साथ ही गुस्साए कार्यकर्ताओं को शांत कराया।
महाराजपुर खुर्द गांव में पिछले कुछ दिनों से कुछ लोगों द्वारा धर्म परिवर्तन कराने की शिकायतें पुलिस को मिल रही थी। इस दौरान पुलिस को बताया गया कि हर सप्ताह कुछ बाहरी लोग यहां आकर प्रार्थना सभा कर धर्म परिवर्तन करवा रहे हैं। रविवार को भी गांव में कुछ लोगों ने प्रार्थना सभा शुरू कर दी। इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही रायसी चौकी प्रभारी ओमकांत भूषण और दारोगा संजय रावत पुलिस के साथ मकान में छापा मारा, लेकिन इससे पहले ही धर्म परिवर्तन कराने वाले मौके से भाग खड़े हुए। पुलिस ने बाहर से आए एक युवक को हिरासत में लिया जबकि उसका दूसरा साथी भाग निकला। इसी बीच विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने क्षेत्र में लगातार सामने आ रही धर्म परिवर्तन की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना था कि 20 फरवरी को भी रायसी में एक मकान में ऐसी ही गतिविधि की सूचना पर दो लोगों को गिरफ्तार किया था। उसके बाद भी घटनाओं पर अंकुश नहीं लग रहा है। कोतवाल त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि पकड़े गए युवक का नाम विपिन कुमार (निवासी थाना जानसठ, राजपुर कला, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) है। उसका पुलिस अधिनियम की धारा के तहत चालान किया गया है। हंगामा करने वालों में मोहित वर्मा, निखिल अग्रवाल, जसपाल, दीपक, अंशुल चौधरी, रवि कश्यप, विजय पसरीचा, आशीष अग्रवाल, रामकुमार वर्मा, राजवीर सैनी, कुशलपाल सैनी, अंकुर और सहदेव आदि कार्यकर्ता थे।