लक्सर। रायसी गांव में सोमवार रात धर्म परिवर्तन कराने की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान कई फरार हो गए जबकि दो पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
रायसी गांव में पिछले कुछ दिनों से चर्चा थी कि कुछ लोग बाहर से आकर धर्म परिवर्तन करवा रहे हैं। गांव में प्रत्येक सप्ताह ईसाई मिशनरी के लोग प्रार्थना सभा करवा रहे हैं। इसमें हिंदू समाज के कई लोग पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को भी कुछ लोग गांव में एक मकान में पहुंचे थे। इसी बीच किसी ने ग्रामीणों को जानकारी दे दी कि लोगों को लालच देकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है । इस सूचना पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने गांव में छापा मारा, लेकिन भनक लगते ही अधिकतर लोग मौके से भाग निकले, लेकिन दो लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए। उन्होंने बताया कि पकड़े गए व्यक्तियों के नाम प्रीतम निवासी सेठपुर, लक्सर और मैथिलीशरण निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश हैं। उधर पुलिस मकान मालिक राजन के खिलाफ भी कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है। जिसके घर धर्म परिवर्तन कराने की सूचना थी। कोतवाल त्रिवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच के बाद मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।