ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने ढंडेरा और भगवानपुर में गारमेंट्स की दुकानों से लाखों के कपड़े चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के कपड़े और बाइक बरामद हुई है जबकि उनके चार साथी अभी फरार चल रहे हैं। पुलिस चारों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित ढंडेरा में 21 दिसंबर की रात चोरों ने नरेश कुमार की कपड़ों की दुकान का शटर तोड़कर करीब तीन लाख के कपड़े चोरी कर लिए थे। इसी बीच चोरों ने भगवानपुर क्षेत्र स्थित एक दुकान से भी हजारों के कपड़े चोरी किए थे। ढंडेरा की चोरी में सिविल लाइंस कोतवाली और भगवानपुर में हुई चोरी में भगवानपुर थाने में चोरी का केस दर्ज किया था। शनिवार को सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस सोलानी पार्क के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस बीच पुलिस को एक बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उनकी बाइक रोक कर बैग की तलाशी ली तो उसमें रेडीमेट कपड़े मिले।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे कपड़े बेचने का काम करते हैं। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो बताया कि उन्होंने ही ढंडेरा, भगवानपुर में कपड़ों की दुकान से ही ये कपड़े चोरी किए थे। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान तसव्वर और मनव्वर निवासी ग्राम चांदपुर, थाना गागलहेड़ी जिला सहारनपुर के रूप में हुई। जबकि उनके चार साथी टोनी, टीटू निवासी ग्राम चांदपुर, थाना गागलहेड़ी जिला सहारनपुर, इमरान निवासी ईमलीरोड और इस्तकार निवासी ग्राम सिकरौढ़ा, थाना भगवानपुर फरार चल रहे हैं। जिनकी तलाश को दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम में एसआई नरेंद्र सिंह, विनोद चपराना, हेमंत, हासिम अब्बास शामिल थे।