ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
चोरों ने गंगनहर की पटरी किनारे बंद पड़े ऊर्जा निगम के बाबू के सरकारी आवास का ताला तोड़कर हजारों का सामान चोरी कर लिया। बाबू ने चोरी की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गंगनहर की पटरी किनारे ऊर्जा निगम की सरकारी कॉलोनी में एसडीओ ग्रामीण कार्यालय में बाबू के पद पर तैनात जयपाल सिंह का सरकारी आवास है। बृहस्पतिवार को वह अपने आवास का ताला लगाकर कार्यालय गए थे। देर रात वह कार्यालय से आवास पर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। इस पर चोरी की सूचना उन्होंने पड़ोसियों को दी। सूचना मिलते ही पड़ोसियों की भीड़ जुट गई। जयपाल सिंह ने बताया कि चोर उनके आवास से कंप्यूटर, एक बैट्री, कपड़ों से भरा बैग और अन्य सामान ले गए हैं। इसके बाद उन्होंने रात में ही कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास सरकारी आवास में रहने वालों से मामले की जानकारी ली जाएगी।