नारसन। प्रदेश में रविवार को हुई एलटी परीक्षा में नकल कराने के संदेह पर पुलिस ने एक इंस्टीट्यूट में छापा मार कर संचालक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया। इसके विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सुबह दस बजे से एलटी की परीक्षा शुरू होनी थी। परीक्षा से करीब पांच घंटे पहले करीब सुबह पांच बजे पुलिस टीम नारसन स्थित ओजस्व कैरियर इंस्टीट्यूट में पहुंची। यह इंस्टीट्यूट प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराता है। पुलिस ने परीक्षा में नकल कराने के संदेह पर इंस्टीट्यूट संचालक मुकेश कुमार, इंस्टीट्यूट के कर्मचारी मुकुल, गुरुबचन और इंस्टीट्यूट से कोचिंग कर रहे अवनीश को हिरासत में लिया। इसकी भनक जैसे ही हिरासत में लिए गए लोगों के परिजनों और आसपास के लोगों को लगी तो वह मौके पर पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई का विरोध कर दिया। इंस्टीट्यूट संचालक की पत्नी निशा ने पुलिस पर आरोप लगाया की उनके पति को बिना किसी सुबूत के हिरासत में लिया है। इस संबंध में चौकी इंचार्ज एमएम भट्ट का कहना है कि इंस्टीट्यूट पर लगे सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर कब्जे में ले ली गई है। उसकी जांच पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी।