ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
एक बच्चे को बाइक से धक्का लगने के बाद दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला बोल दिया। फायरिंग की भी सूचना मिली है। ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह माहौल शांत कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र का एक युवक शनिवार की देर शाम अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। बताया जाता है कि गांव के ही दूसरे समुदाय के एक बच्चे को युवक की बाइक से धक्का लग गया। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। मामला बढ़ता देख बाइक सवार युवक चला गया। उधर, बच्चे ने अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। बताया जाता है कि दूसरे समुदाय के करीब दो दर्जन ग्रामीण एकजुट होकर युवक के घर पहुंच गए तथा उसके परिवारवालों को जमकर गाली गलौज की। बाइक सवार युवक के परिजनों ने मानमनौव्वल की। बताया जाता है कि इसी बीच किसी ने हवाई फायरिंग की। किसी ग्रामीण की सूचना पर लक्सर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। कोतवाली के एसएसआई जगमोहन रमोला ने बताया कि दोनों पक्षों को शांत करा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।